विधानसभा सत्र के बीच निर्दलीय विधायक के इस्तीफे की घोषणा

उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र शुरू होते ही प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने अपनी सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले उमेश कुमार ने इस्तीफा देने का ऐलान करते हुए कहा कि विपक्ष ने जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने में उनका साथ नहीं दिया। इसी से नाराज होकर उन्होंने यह फैसला लेने की बात कही। उनके इस ऐलान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

उमेश कुमार ने स्पष्ट किया कि वह न तो कांग्रेस में शामिल होंगे और न ही भाजपा का दामन थामेंगे। उन्होंने कहा कि वह इन दोनों दलों में जाकर उन लोगों के समर्थन में नारे नहीं लगा सकते, जो कभी उनके दरवाजे पर आकर बैठा करते थे।

निर्दलीय विधायक के इस बयान के बाद विधानसभा सत्र के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हालांकि, इस्तीफे की घोषणा के बाद आगे की प्रक्रिया और उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।