उत्तराखंडः जीजीआईसी की मेधावी छात्रा की मौत से क्षेत्र में सनसनी

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के मंडलसेरा क्षेत्र में मंगलवार को एक छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। जीतनगर निवासी 18 वर्षीय छात्रा अपने किराए के कमरे में फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।

मृतका की पहचान आंचल आर्या पुत्री अजय चंद, निवासी जीतनगर, मंडलसेरा के रूप में हुई है। वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), नुमाइशखेत में कक्षा 12 की छात्रा थी और पढ़ाई के सिलसिले में किराए के कमरे में रह रही थी।

घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण करने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतका के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार, परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल छात्रा की आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।