
उत्तराखंड में राज्य आंदोलनकारियों के लिए आरक्षित पदों पर चयनित उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जिनका चयन होने के बावजूद अंतिम परिणाम जारी नहीं हो पाया था। प्रमाण पत्रों से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण लंबे समय से अटके 58 अभ्यर्थियों का अब उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने चयन परिणाम जारी कर दिया है।
यह मामला कनिष्ठ सहायक, पुलिस कांस्टेबल और आशुलिपिक पदों से जुड़ा हुआ है। इन पदों पर कुल 58 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था, लेकिन राज्य आंदोलनकारी प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध न हो पाने के कारण इनका अंतिम चयन परिणाम रोक दिया गया था। इसके बाद अभ्यर्थी लगातार राहत की मांग कर रहे थे।
मामले में राज्य सरकार ने अभ्यर्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट में निर्णय लिया और उन्हें प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने का एक और अवसर देने का फैसला किया। इसके बाद आयोग ने दोबारा प्रक्रिया पूरी करते हुए लंबित चयन परिणाम जारी कर दिए।
जारी किए गए परिणाम में 44 अभ्यर्थियों का चयन कनिष्ठ सहायक पद के लिए, 12 अभ्यर्थियों का चयन पुलिस कांस्टेबल पद के लिए और 2 अभ्यर्थियों का चयन आशुलिपिक पद के लिए हुआ है। अब इन चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों में नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
बताया गया कि कई अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र बनने की प्रक्रिया पहले से चल रही थी, लेकिन समय पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका चयन अटक गया था। सरकार के निर्णय के बाद उन्हें दोबारा अवसर मिला और अब उनकी नौकरी का रास्ता साफ हो गया है।
इस फैसले से राज्य आंदोलनकारी आरक्षण के तहत चयनित 58 परिवारों को बड़ी राहत मिली है। वहीं, विभागों को भी लंबे समय से लंबित पदों पर नए कर्मचारी मिलने जा रहे हैं।







