
उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इस बीच प्रदेश में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंगलवार देर रात रुड़की के मेन बाजार में बाटा शोरूम के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने स्कूटी सवार अर्श (28) निवासी दद्देडू, मुजफ्फरनगर और बाइक सवार मोनू दिवाकर (30) निवासी अंबर तालाब, कोतवाली गंगनहर को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक सवार अजीम निवासी निराला, थाना सिखेड़ा, मुजफ्फरनगर घायल हो गया। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक अर्श रुड़की में रहकर एक निजी फार्मेसी कॉलेज से पढ़ाई कर रहा था। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों युवकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।









