मां और सौतेले पिता की करतूत से परेशान किशोरी पहुंची कोतवाली, सुनाई आपबीती

उत्तराखंड में नाबालिग किशोरी को जबरन देह व्यापार में धकेलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किशोरी ने अपनी सगी मां और सौतेले पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता का आरोप है कि दोनों उसके साथ मारपीट करते थे और विरोध करने पर उसे घर में बंद कर भूखा-प्यासा रखते थे। किसी तरह घर से निकलकर कोतवाली पहुंची किशोरी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, मामला रुड़की शहर के एक मोहल्ले का है। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि जब वह करीब सात साल की थी, तभी उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उसकी मां ने मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली। करीब छह साल पहले वह अपनी मां के साथ रुड़की आ गई थी। किशोरी का आरोप है कि रुड़की आने के बाद मां और सौतेले पिता का व्यवहार उसके प्रति बदल गया और दोनों उसे प्रताड़ित करने लगे।

पीड़िता के मुताबिक, मां और सौतेला पिता उसके साथ मारपीट करते थे और जबरन गलत गतिविधियों में धकेलते थे। उसने आरोप लगाया कि कई बार कलियर, पुरकाजी, भगवानपुर और रुड़की के अलग-अलग होटलों में उसके साथ दुष्कर्म कराया गया। विरोध करने पर उसे घर में बंद कर दिया जाता था और खाना-पानी तक नहीं दिया जाता था। इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं।

किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर किशोरी रुड़की कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर आपबीती बताई। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

सीओ ओशिन जोशी ने बताया कि नाबालिग की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।