राज्यसभा सीट पर BJP की तैयारी पूरीः दिनेश आर्य ने दाखिल किया नामांकन, CM धामी ने बताई रणनीति

उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने जा रही सीट के लिए चुनावी प्रक्रिया के तहत नामांकन के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे।

दिनेश आर्य के नामांकन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर यह संदेश दिया है कि पार्टी में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और राज्यसभा के उम्मीदवार के चयन में भी पार्टी की यही सोच दिखाई देती है।

सीएम धामी ने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर जातिवादी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति सबका साथ और सबके विकास के सिद्धांत पर आधारित है।

वहीं, निर्वाचन अधिकारी हेम पंत ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक कुल तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है। हालांकि, इनमें से अभी तक केवल भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने ही नामांकन दाखिल किया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्वाचन संबंधी अगली प्रक्रिया शुरू होगी।