
कालाढूंगी। उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों को बाजार में नई पहचान दिलाने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नैनीताल जिले में नई पहल शुरू की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में नारी शक्ति सम्मेलन के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों और सहकारिताओं को 17 फूड वैन (वे-साइड ईटरी) की सौगात दी गई। इन फूड वैन के जरिए अब पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पहाड़ के पारंपरिक पकवानों का स्वाद मिलेगा। साथ ही ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार का नया अवसर भी प्राप्त होगा।
ग्रामोत्थान (REAP-UGVS) परियोजना के तहत शुरू की गई इस योजना में प्रत्येक फूड वैन की कीमत करीब 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें राज्य सरकार की ओर से 60 प्रतिशत यानी 6 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी, जबकि महिला समूहों को केवल 4 लाख रुपये वापस करने होंगे। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के मार्गदर्शन में तैयार इस योजना का लाभ जिले के सभी आठ विकासखंडों के महिला समूहों और सहकारिताओं को मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट और राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने फूड वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैन में मंडुवे के मोमोज, भट्ट की चुड़कानी, भट्ट के डुबके, गहत की दाल के डुबके, मंगोड़ी और भांग की चटनी जैसे पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध होंगे। इससे पर्यटकों को उत्तराखंड के स्थानीय खानपान का स्वाद चखने का मौका मिलेगा।
इस योजना से महिला समूहों के साथ स्थानीय किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। मंडुवा, भट्ट और गहत जैसे स्थानीय अनाज और दालों की मांग बढ़ने से किसानों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिल सकेगा। महिला समूह स्थानीय उत्पादों से व्यंजन तैयार कर सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकेंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। 17 फूड वैन की शुरुआत से महिलाओं को व्यवसाय संचालन और बिक्री का अवसर मिलेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों को पर्यटन से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।









