
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर में 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर वार्ड नंबर-8 में छात्रा का शव घर की छत पर मिला। प्रथम दृष्टया पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शिवनगर वार्ड नंबर-8 निवासी छात्रा शहर के एक पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती थी। परिवार में माता-पिता के अलावा उसके दो भाई हैं। बताया गया कि छात्रा के पिता नौकुचियाताल में नौकरी करते हैं, जबकि बड़ा भाई ब्लैंकेट फैक्ट्री में काम करता है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर शाम छात्रा घर पर थी। इसी दौरान उसका छोटा भाई काम से वापस लौटा। कपड़े बदलने के लिए जब वह छत पर जाने लगा और उसने दरवाजा खोला तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। छात्रा को देखकर उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और छात्रा को नीचे उतारा।
परिजन और स्थानीय लोग छात्रा को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी छात्रा के पिता को दी गई, जो उस समय नौकरी के सिलसिले में नौकुचियाताल में थे। पिता के घर पहुंचने के बाद बुधवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी लेने के बाद शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद छात्रा के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।







