रुद्रप्रयाग में बारिश का कहर: उफान पर अलकनंदा-मंदाकिनी, भूस्खलन से चारधाम यात्रा प्रभावित

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रुद्रप्रयाग जिले में बारिश के चलते हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां उफान पर हैं और कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गई हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।

रुद्रप्रयाग नगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने से वाल्मीकि बस्ती और जिला चिकित्सालय को जोड़ने वाला पैदल पुल पानी में डूब गया। नदी का पानी तटीय इलाकों तक पहुंचने के बाद कई परिवार एहतियातन अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। वहीं, कई लोग पूरी रात डर के साये में जागते रहे।

अलकनंदा और मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने से दोनों नदियों का बहाव बेहद तेज हो गया है। नदी अपने साथ मलबा और पेड़ बहाकर ला रही है। इससे नदी किनारे बसे क्षेत्रों में खतरा और बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की जा रही है।

लगातार बारिश के कारण केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ियों से मलबा और बड़े बोल्डर गिरने से यातायात बाधित हो गया है। मार्ग बंद होने के चलते केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। चारधाम यात्रा भी बुधवार तक प्रभावित है। यात्रा को लेकर आज शाम तक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

विजयनगर क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक विशाल बोल्डर गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि बोल्डर गिरने के समय वहां बड़ा हादसा नहीं हुआ। लगातार बारिश के कारण पहाड़ियों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है और प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रख रहा है।

अगस्त्यमुनि क्षेत्र में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आवासीय इलाकों और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास जलभराव हो गया है। कई सड़कें पानी में डूबने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसी बीच एक कार के ऊपर बड़ा बोल्डर गिर गया। राहत की बात रही कि हादसे के वक्त कार में कोई सवार नहीं था।

जिले के कई लिंक मार्ग और मुख्य सड़कें भूस्खलन की चपेट में हैं। पहाड़ियों से लगातार गिर रहा मलबा और बोल्डर राहत एवं बचाव कार्य में चुनौती बने हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की जेसीबी और अन्य मशीनें प्रभावित मार्गों को खोलने में जुटी हैं, लेकिन बारिश के बीच लगातार दोबारा मलबा आने से सड़कें फिर बंद हो रही हैं।

प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।