रामलीला मैदान के कथित शुद्धीकरण मामले में FIR की मांग, यूथ कांग्रेस ने SSP को सौंपा ज्ञापन

हल्द्वानी। रामलीला मैदान में आठ अगस्त को आयोजित कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के बाद हुए कथित शुद्धीकरण के मामले में अब प्राथमिकी दर्ज करने की मांग तेज हो गई है। रविवार को उत्तराखंड यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

यूथ कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आठ अगस्त को रामलीला मैदान में आयोजित रैली में शामिल हुए थे। रैली समाप्त होने के बाद कुछ लोगों द्वारा मैदान में हवन-पूजन कर कथित रूप से शुद्धीकरण किए जाने का आरोप है।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस कथित कृत्य के जरिए अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों का अपमान करने और जातिगत भेदभाव की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों के मुताबिक इस संबंध में 14 अगस्त को हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी गई थी, लेकिन अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ज्ञापन में रैली के बाद कथित तौर पर तैयार किए गए एआई वीडियो का भी उल्लेख किया गया है। यूथ कांग्रेस ने पुलिस से शुद्धीकरण मामले और एआई वीडियो की अलग-अलग स्तर पर जांच कराने तथा तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ज्ञापन सौंपने वालों में विकास कुमार, नीरज कुमार, सुमित लोहनी, स्वाति जोशी, हेमंत पांडे, शोभित कुमार और दिग्विजय सिंह बिष्ट समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।