शराब के नशे में पहले कहासुनी, फिर चाकूबाजीः सीने पर वार से युवक ने तोड़ा दम, आरोपी फरार

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बेटी के जन्मदिन के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपी ने 25 वर्षीय राजपाल के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए राजपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, पीलीभीत निवासी जितेंद्र कुमार की बेटी का सोमवार को जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के बीच हाथापाई हुई और विवाद बढ़ने पर जितेंद्र ने कथित तौर पर राजपाल के सीने में चाकू मार दिया।

सूचना मिलते ही सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजपाल को 108 एंबुलेंस से झाझरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जितेंद्र मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों के शराब पीने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, करीब 10-15 दिन पहले भी राजपाल और जितेंद्र के बीच पीने-खाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस पुराने विवाद समेत हत्या की घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।