खाना बनाते वक्त हुई कहासुनी बनी जानलेवा, बेटे के हमले में पिता ने तोड़ा दम

उत्तराखंड में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। घरेलू काम को लेकर हुए मामूली विवाद में बड़े बेटे ने अपने ही पिता के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना हरिद्वार के चंडीघाट चौकी क्षेत्र की चंडीघाट बस्ती की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम 60 वर्षीय प्यारे अपने छोटे बेटे के साथ रात का खाना बना रहे थे। इसी दौरान किसी घरेलू काम को लेकर उनकी अपने बड़े बेटे प्रकाश (27) से कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और प्रकाश ने आपा खो दिया। आरोप है कि उसने अपने पिता प्यारे के सिर पर डंडे से कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से प्यारे लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।

घटना के बाद परिजनों ने घायल प्यारे को तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन शनिवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी बेटे प्रकाश को हिरासत में ले लिया है और उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।

वहीं, पिता की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना से चंडीघाट बस्ती में भी सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और विवाद के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।