
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, 36 वर्षीय मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने पति व बच्चों के साथ रुद्रपुर की तपस्या विहार कॉलोनी में रह रही थी। परिवार में पति, 14 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा हैं।
बताया गया कि रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे महिला का पति दोनों बच्चों को लेकर बाजार गया था। कुछ समय बाद जब वह बच्चों के साथ घर लौटा तो देखा कि मकान के सभी कमरों के दरवाजे खुले हुए थे। पत्नी को कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब वह कमरे के अंदर पहुंचा तो पत्नी का शव फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पड़ोसियों की मदद से महिला को फंदे से नीचे उतारकर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी जिला अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







