नैनीताल में जयकारों के बीच निकली नंदा-सुनंदा की शोभायात्रा

नैनीताल। एक सप्ताह तक मां नंदा-सुनंदा के उत्सव में सराबोर रहे नैनीताल में बुधवार को विदाई का माहौल भावुक रहा। ढोल-दमाऊ, बैंड-बाजे, भजन-कीर्तन और मां के जयकारों के बीच शहर में मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नैनीताल शहर के साथ आसपास के दर्जनों गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

सुबह नयना देवी मंदिर परिसर में स्थापित मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों के मंडल स्थल पर आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। देवी भोग के बाद दोपहर करीब 12 बजे मंदिर परिसर से मां नंदा-सुनंदा का डोला रवाना हुआ। इस दौरान पुष्पवर्षा और कुमाऊंनी वाद्य यंत्रों की धुन से माहौल भक्तिमय हो गया।

डोले के साथ चल रहे श्रद्धालु ढोल-दमाऊ और बैंड की धुन पर भक्ति में लीन नजर आए। पारंपरिक परिधान में शामिल महिलाएं और स्कूली बच्चे शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रहे। मां नंदा-सुनंदा के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।

शोभायात्रा डीएसए मैदान से लोअर मालरोड होते हुए तल्लीताल बाजार पहुंची, जहां पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद डोला अपर मालरोड, चीना बाबा चौराहा और ठंडी सड़क क्षेत्र से होते हुए आगे बढ़ा। देर शाम मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों का नैनी झील में विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही एक सप्ताह से चल रहे महोत्सव का समापन होगा।

विदाई के मौके पर श्रद्धालुओं में अगले वर्ष मां नंदा-सुनंदा के दोबारा आगमन की उम्मीद भी दिखाई दी। शोभायात्रा में श्रीराम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी समेत मुकेश जोशी, आनंद बिष्ट, भुवन बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, विमल चौधरी, रितेश साह, मोहित लाल साह, कमलेश ढौडियाल, विमल बिष्ट, कुंदन बिष्ट और सुनील बिष्ट समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु व आयोजन से जुड़े लोग मौजूद रहे।