उत्तराखंड कांग्रेस की नई टीम घोषित, संगठन में बड़ा फेरबदल; वरिष्ठों के साथ युवाओं को भी मिली जिम्मेदारी

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने प्रदेश संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव करते हुए कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव पदों पर नई नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। संगठन को चुनावी दृष्टि से मजबूत करने के उद्देश्य से अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

नई कार्यकारिणी में गोदावरी थपलियाल को प्रदेश कांग्रेस का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा 24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 प्रदेश सचिव नियुक्त किए गए हैं। पार्टी का दावा है कि नई टीम में प्रदेश के सभी क्षेत्रों, सामाजिक वर्गों और संगठनात्मक संतुलन का ध्यान रखा गया है।

संगठनात्मक ढांचे को और प्रभावी बनाने के लिए एआईसीसी ने पांच महत्वपूर्ण समितियों के गठन को भी मंजूरी दी है। एआईसीसी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश कार्यकारिणी समिति, घोषणापत्र समिति, अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति, एसआईआर समिति और चार्जशीट समिति का गठन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

प्रदेश कार्यकारिणी समिति में 41 वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया गया है। इनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, गुरदीप सिंह सप्पल, करण महारा, डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन चंद्र कापड़ी, तिलक राज बेहड़, ममता राकेश, हरीश सिंह धामी, फुरकान अहमद, विक्रम सिंह नेगी, मदन सिंह बिष्ट और खुशाल सिंह अधिकारी सहित कई प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है।

पार्टी ने अलग-अलग समितियों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। भुवन चंद्र कापड़ी को घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष और डॉ. प्रेम बहुखंडी को संयोजक बनाया गया है। विक्रम सिंह नेगी को अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति, मनोज रावत को एसआईआर समिति तथा करण महारा को चार्जशीट समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश उपाध्यक्षों की सूची में हेमेश खर्कवाल, विजय सारस्वत, सूर्यकांत धस्माना, धीरेंद्र प्रताप, मनोज रावत, सतीश नैनवाल, सुखविंदर कौर, राजीव महर्षि, हेमंत बगड़वाल और डॉ. प्रेम बहुखंडी समेत कुल 24 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, अभिषेक सिंह, विजय गुनसोला, पुष्कर जैन, राकेश लाल शाह, दीप शर्मा, मकबूल कुरैशी, अमरजीत सिंह, याकूब सिद्दीकी, जयेंद्र रमोला और संजय किरोला सहित 36 नेताओं को प्रदेश महासचिव बनाया गया है।

कांग्रेस का कहना है कि नई कार्यकारिणी और समितियों का गठन आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर चुनावी तैयारियों को नई गति दी जा सके।