केदारताल में मौत का सिलसिला जारी! दो और शव बरामद, 4 ट्रेकर अब भी लापता

उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकरों की तलाश में चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान में बुधवार सुबह दो और शव बरामद हुए हैं। इसके साथ ही अब तक चार लापता लोगों के शव मिल चुके हैं, जबकि स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा समेत चार अन्य की तलाश जारी है। बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया जा रहा है।

रेस्क्यू अभियान के दौरान मंगलवार को भी दो ट्रेकर के शव बरामद किए गए थे। प्रशासन की हेलीकॉप्टर से पहुंची दस सदस्यीय टीम को ये शव बर्फ में दबे टेंट से करीब 200 से 250 मीटर नीचे मिले थे। शवों को बर्फ से बाहर निकालने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। मौसम खराब होने के चलते टीम को अभियान रोककर बेस कैंप लौटना पड़ा।

लापता लोगों की तलाश के लिए प्रशासन ने सोमवार को एसडीआरएफ और निम की दस सदस्यीय टीम को हेलीकॉप्टर से केदारताल ट्रेक पर उतारा था। इससे पहले रविवार को गंगोत्री नेशनल पार्क और गढ़वाल हिमालय माउंटेनियरिंग एंड ट्रेकिंग एसोसिएशन की नौ सदस्यीय टीम पैदल भोजखड़क पहुंची थी। सोमवार से दोनों टीमों ने खोज अभियान शुरू किया।

इस दौरान एसोसिएशन की टीम को केदारखड़क और भोजखड़क के बीच बर्फ में दबा टेंट, बैग, कपड़े, चप्पलें और राशन मिला था। टीम ने दो से तीन किलोमीटर के दायरे में सघन खोजबीन की, लेकिन लापता लोगों का पता नहीं चल सका। बर्फबारी और खराब मौसम के कारण अभियान स्थगित करना पड़ा।

सोल सीकर ट्रेकिंग एजेंसी का 12 सदस्यीय दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से 26 किलोमीटर लंबे केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। इसमें एक गाइड, सात ट्रेकर और चार सपोर्ट स्टाफ सदस्य शामिल थे। दल की वापसी 29 अक्टूबर को निर्धारित थी।

दल के निर्धारित समय पर नहीं लौटने पर एजेंसी ने बचाव टीम भेजी। रास्ते में कुक और पोर्टर समेत चार लोग सुरक्षित मिले, जबकि स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा और सात ट्रेकर लापता हो गए। इसके बाद प्रशासन ने शनिवार और रविवार को हेलीकॉप्टर से खोज अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब रेस्क्यू टीमें शेष चार लोगों की तलाश में जुटी हैं।