
हल्द्वानी। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने नई पहल शुरू की है। बुधवार को नगर निगम परिसर में शुद्ध बताशों और खिलौनों की बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉलों का महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खुद भी स्टॉल से खरीदारी कर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी केवल शहर की सफाई, व्यवस्था और विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना भी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निगम की ओर से शुद्ध बताशों और खिलौनों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से न केवल उनकी पहचान मजबूत होगी, बल्कि इससे लोगों को रोजगार से जुड़ने के नए अवसर भी मिलेंगे। महापौर ने सनातनी समाज समेत शहर के सभी नागरिकों से नगर निगम के स्टॉलों से अधिक से अधिक खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से इस पहल को सफल बनाया जा सकता है और स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाई जा सकती है। इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित पार्षदगण और नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









