उत्तराखंड में भीषण हादसाः तेज रफ्तार डंपर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, 4 की मौत

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। लक्सर-पुरकाजी मार्ग पर भैंसली वाला गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मिट्टी से लदे डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले का एक परिवार स्कॉर्पियो से लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सात सदस्य देर रात वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। जैसे ही स्कॉर्पियो भैंसली वाला गांव के पास पहुंची, सामने से तेज गति से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 50 वर्षीय आदेश, उनकी बहनें 35 वर्षीय निशा और 37 वर्षीय राखी तथा आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही लक्सर और पुरकाजी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।