
उत्तराखंड शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), पीसीएस और सचिवालय सेवा के कुल छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में मामूली फेरबदल किया है। देर रात जारी हुई सूची में सबसे अहम बदलाव आईएएस अधिकारी आनंद श्रीवास्तव की तैनाती को माना जा रहा है। उन्हें महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महानिदेशक कृषि एवं उद्यान का पद पिछले कुछ समय से रिक्त चल रहा था। इससे पहले आईएएस अधिकारी वंदना इस जिम्मेदारी को संभाल रही थीं। उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह पद खाली था। अब शासन ने आनंद श्रीवास्तव को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
ताजा तबादला सूची में निर्वाचन से जुड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव गृह की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास का दायित्व वापस ले लिया गया है। पीसीएस अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी भी हटा दी गई है। सेमवाल के जल्द सेवानिवृत्त होने के मद्देनजर उनके दायित्वों को सीमित किया जा रहा है।
सचिवालय सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। सुनील सिंह को अपर सचिव आवास की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पहले से अपर सचिव राजस्व का दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
हालांकि शासन स्तर पर हुए इन बदलावों को सामान्य फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है। उत्तराखंड में लंबे समय से बहुप्रतीक्षित बड़ी तबादला सूची का इंतजार अभी जारी है। माना जा रहा है कि आगामी सूची में कई जिलों के जिलाधिकारियों के साथ ही विभिन्न प्राधिकरणों में भी बदलाव हो सकते हैं। इसके अलावा शासन स्तर पर सचिव स्तर के कुछ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी परिवर्तन की तैयारी चल रही है।
सूत्रों के अनुसार सरकार ने बड़े स्तर पर होने वाले फेरबदल को लेकर होमवर्क लगभग पूरा कर लिया है। एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 सितंबर के बाद बड़ी तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।







