गुलदार का तांडव! एक और जान गई, दहशत में जी रहे ग्रामीण

उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। जंगली जानवरों के हमलों से लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। ताजा मामला कोटद्वार रेंज से सटे सनेह पट्टी के कोटड़ीढांग क्षेत्र का है, जहां गुलदार ने हमला कर एक महिला को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश भी बना हुआ है।

मृतका की पहचान कविता कोठियाल (42) पत्नी कमल किशोर, निवासी कोटड़ीढांग, सनेह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार की सक्रियता बनी हुई थी। गुलदार की आवाजाही से ग्रामीण पहले ही दहशत में थे। कुछ दिन पूर्व गुलदार ने एक बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में नियमित गश्त शुरू करने के साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया था।

इसके बावजूद गुलदार के हमले में महिला की मौत की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की मौजूदगी बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को घर से बाहर निकलने में भी खतरा महसूस हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।