
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अपनी बात रखी है। हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित एक निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में उनसे भी खूबसूरत कई चेहरे मौजूद हैं। मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इसका अंतिम फैसला राहुल गांधी और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
हरीश रावत ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस बार किसी एक चेहरे के बजाय सामूहिक नेतृत्व और जिम्मेदारी के आधार पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए शीर्ष नेतृत्व ने कई कमेटियों का गठन भी किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की न्याय यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान को जनता का अच्छा समर्थन और उत्साह मिला था। अब पार्टी जल्द ही बैठक अभियान शुरू करेगी। इसके माध्यम से कार्यकर्ता और पदाधिकारी गांवों तथा शहरों में लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
चुनाव में कांग्रेस की जीत की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव की मांग दिखाई दे रही है। भाजपा की ओर से 65 पार का लक्ष्य दिए जाने पर कटाक्ष करते हुए हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस इस तरह का दावा नहीं करेगी, क्योंकि 65 पार किसी भी हाल में संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस 45 पार का आंकड़ा जरूर हासिल करेगी।









