डबल मर्डर से सनसनी, लोहे की रॉड से पीटकर चाचा-चाची की हत्या; आरोपी फरार

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में सोमवार सुबह दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरगवाड़ी गांव में एक युवक ने अपने ही चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। गंभीर हालत में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, नरगवाड़ी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने देर रात अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए सीएचसी बैजनाथ लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक महिला ने मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।

दो लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही बैजनाथ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

कोतवाल कैलाश नेगी के अनुसार, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उसकी तलाश कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।