
नैनीताल। फिल्म हनुमान अंश में बाबा नीब करौरी का किरदार निभाने वाले अभिनेता अभिनव सत्या सोमवार को फिल्म की टीम के अन्य सदस्यों के साथ प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा नीब करौरी के दर पर शीश नवाया और हनुमान चालीसा का पाठ कर ध्यान लगाया। अभिनेता के कैंची धाम पहुंचने की खबर मिलते ही मंदिर के मुख्य गेट पर प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए भवाली और कैंची पुलिस की टीम भी मौके पर तैनात रही।
कैंची धाम पहुंचने पर अभिनव सत्या और फिल्म टीम का मंदिर प्रबंधक प्रदीप साह समेत अन्य प्रबंधन सदस्यों ने स्वागत किया। कलाकारों ने मंदिर में दर्शन कर बाबा का आशीर्वाद लिया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद टीम ने मंदिर प्रबंधन के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान कैंची धाम के आसपास चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली गई।
बताया गया कि बाबा नीब करौरी की जीवनी और उनसे जुड़े प्रसंगों पर आधारित हनुमान अंश फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। करीब दो करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म के मुनाफे को लेकर भी चर्चा है। फिल्म के गीत भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।
अभिनव सत्या को कैंची धाम में देखकर श्रद्धालुओं ने ‘सीताराम-सीताराम’ के जयकारे लगाए। अभिनेता ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया और मंदिर के बाहर मौजूद लोगों से एक-एक कर मुलाकात की।
फिल्म टीम ने हनुमान अंश पार्ट-2 की तैयारियों को लेकर भी मंदिर प्रबंधन से चर्चा की। आश्रम प्रबंधन की ओर से फिल्म की सराहना करते हुए इसके अगले भाग के निर्माण के लिए टीम को शुभकामनाएं दी गईं। वहीं, अभिनेता के पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में प्रशंसकों के जुटने से मंदिर के मुख्य गेट पर कुछ देर भीड़ का माहौल रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित किया।









