
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने आंचल ब्रांड के दूध और दुग्ध उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित दरें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। नई दरों के अनुसार दूध, पनीर और क्रीम समेत कई उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। उत्पादों के दाम में दो रुपये से लेकर 50 रुपये तक का इजाफा किया गया है। इससे अब आंचल के उत्पाद खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अधिक कीमत चुकानी होगी।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि संशोधित मूल्य सूची के तहत आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक की कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है। इसी तरह आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के छह लीटर पैक का दाम 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये और आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये निर्धारित की गई है।
खुले बाजार में मिलने वाले दूध की नई दरों में भी बढ़ोतरी की गई है। आंचल गाय का दूध अब 58 रुपये के बजाय 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 63 रुपये और डबल टोंड मिल्क की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इसके अलावा आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक के लिए अब उपभोक्ताओं को 80 रुपये के बजाय 85 रुपये खर्च करने होंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर 2026 को अमूल, मदर डेयरी एवं अन्य निजी दुग्ध संस्थानों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब आंचल दुग्ध संघ द्वारा भी नई मूल्य सूची जारी किए जाने के बाद उपभोक्ताओं को 20 नवंबर से दूध एवं दुग्ध उत्पाद पर नई दरें लागू की जा रही है।









