
उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस महकमे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत कुमाऊं परिक्षेत्र में पुलिस निरीक्षक स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत 29 निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। इनमें महिला निरीक्षक भी शामिल हैं। लंबे समय से एक ही जिले में तैनात अधिकारियों को दूसरे जनपदों में भेजा गया है।
आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार एक ही जनपद में लंबे समय से तैनात पुलिस अधिकारियों को स्थानांतरित किया जा रहा है, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह का प्रभाव या पक्षपात न रहे।
जारी तबादला सूची में ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों में तैनात निरीक्षकों के नाम शामिल हैं। आदेश के अनुसार ऊधमसिंह नगर से कई निरीक्षकों को नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा भेजा गया है। वहीं नैनीताल से पिथौरागढ़ और बागेश्वर सहित अन्य जिलों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। अल्मोड़ा में तैनात कुछ निरीक्षकों को भी नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत भेजा गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल में महिला निरीक्षक बसंती आर्या, श्वेता दिगारी और पुनीता के नाम भी शामिल हैं। पुलिस महानिरीक्षक की ओर से संबंधित जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर नए तैनाती स्थल पर भेजा जाए। साथ ही आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले पुलिस व्यवस्था को अधिक निष्पक्ष और प्रभावी बनाने के लिए आने वाले समय में अन्य स्तरों पर भी प्रशासनिक बदलाव किए जा सकते हैं।








