राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का बदला स्थान, परेड ग्राउंड की अनुमति रद्द होने पर कांग्रेस का विरोध

उत्तराखंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का स्थान बदल दिया गया है। अब यह कार्यक्रम देहरादून के परेड ग्राउंड की जगह बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा। देहरादून पुलिस प्रशासन ने परेड ग्राउंड में कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति वापस ले ली, जिसके बाद कांग्रेस को स्थान बदलना पड़ा।

कांग्रेस के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड को तीन दिन के लिए बुक कराया था और इसके लिए निर्धारित शुल्क भी जमा किया गया था। हालांकि, कार्यक्रम से तीन दिन पहले 14 जुलाई को प्रशासन की ओर से अनुमति निरस्त कर दी गई। इसके बाद प्रशासन ने बन्नू स्कूल मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया, जिसे कांग्रेस ने स्वीकार कर लिया।

अनुमति रद्द होने के बाद सोमवार देर रात कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड पार कर ग्राउंड की ओर बढ़ गए। मौके पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

कांग्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड के गेट तक पहुंच गए और आरोप है कि उन्होंने गेट पर लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के सुझाए गए बन्नू स्कूल मैदान में ही राहुल गांधी के कार्यक्रम को आयोजित करने का निर्णय लिया। इसके बाद देर रात परेड ग्राउंड से कार्यक्रम का सामान लेकर ट्रक बन्नू स्कूल मैदान के लिए रवाना किए गए और तैयारियां शुरू कर दी गईं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम से घबरा गई है। उन्होंने कहा कि अनुमति रद्द करने का फैसला सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है और 17 जुलाई का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि परेड ग्राउंड खाली था और नगर निगम से अनुमति मिलने के बाद शुल्क भी जमा किया गया था। इसके बावजूद अनुमति रद्द करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर डरी हुई है। फिलहाल राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होगा, जहां वे छात्रों को संबोधित करेंगे।