
उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच देहरादून जिले के कालसी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। यहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रहा था। इसी दौरान हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर से पहले चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। दुर्गम खाई में उतरकर टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का उपचार शुरू कर दिया गया।
कालसी थाना के एसएसआई नीरज कठैत ने बताया कि बोलेरो हिमाचल प्रदेश से विकासनगर आते समय दुर्घटनाग्रस्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दो वर्षीय राधिका पुत्री डमर और 56 वर्षीय नरबहादुर पुत्र गंगा बहादुर निवासी अछाम कटारी, नेपाल के रूप में हुई है। वहीं घायलों में वाहन चालक चमन लाल (45) पुत्र हर्सू निवासी चडगांव, शिमला (हिमाचल प्रदेश), डमर (32) पुत्र नरबहादुर निवासी ठकारी, जिला अछाम, नेपाल, निशा (14) पुत्री दिनेश निवासी कंचनपुर, जिला अछाम, नेपाल, उर्मिला (30) पत्नी डमर और पांच वर्षीय प्रदीप पुत्र डमर शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग नेपाली मजदूर थे और हिमाचल प्रदेश में काम समाप्त करने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना में दो लोगों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।









