मरीजों को बाहर की दवाएं लिखीं तो खैर नहीं, STH में DM ने डॉक्टरों को दी सख्त हिदायत

हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्ती दिखाई है। डीएम ने अस्पताल में अचानक पहुंचकर विभिन्न वार्डों, रैन बसेरे और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अस्पताल प्रशासन को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों के बेड और अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। खासकर सर्दियों में मरीजों और उनके तीमारदारों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। रैन बसेरे की स्थिति में सुधार के साथ वहां ठहरने वाले लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

डीएम ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में जाकर मरीजों से बातचीत की और उनके उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से यह भी पूछा कि उन्हें अस्पताल में दवाएं और अन्य सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं। जिलाधिकारी ने कहा कि सुशीला तिवारी अस्पताल कुमाऊं का प्रमुख चिकित्सा केंद्र है, जहां दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने आते हैं। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्थाएं भी उसी स्तर की होनी चाहिए।

दवाओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर की दवाएं न लिखी जाएं और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही उपचार किया जाए। मरीज पहले से ही बीमारी और इलाज के खर्च से परेशान रहते हैं, ऐसे में उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है।

डीएम ने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई, रैन बसेरे, वार्डों और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और अस्पताल के एमएस डॉ. अरुण भी मौजूद रहे। अब अस्पताल प्रशासन को इन निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कार्रवाई करनी होगी।