2027 में CM चेहरे पर हरदा का बड़ा बयान, बोले- अब हमेशा एक ही सिक्का थोड़ी चलेगा

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बयान ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर रावत ने कहा कि अभी पार्टी के सामने सबसे बड़ा लक्ष्य विधानसभा चुनाव में 45 सीटें हासिल करना है। मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव के बाद पार्टी नेतृत्व और राहुल गांधी करेंगे।

हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस को पहले विधानसभा में 45 विधायकों की संख्या तक पहुंचने के लिए काम करना चाहिए। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी नाम पर चर्चा करने का कोई औचित्य नहीं है। जब पार्टी चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचेगी, उसके बाद नेतृत्व इस संबंध में निर्णय लेगा।

अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनकी क्षमताओं को देखते हुए उन्हें सरकार और संगठन दोनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दीं। उन्होंने इसके लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह पहले भी इन पदों पर काम कर चुके हैं। हालांकि, अब हमेशा एक ही सिक्का थोड़ी चलेगा, पार्टी में उनके अलावा भी कई योग्य लोग मौजूद हैं।

रावत के इस बयान को कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन और मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अहम माना जा रहा है। उनके बयान से यह संकेत भी मिला है कि पार्टी में नेतृत्व की जिम्मेदारी दूसरे योग्य नेताओं को सौंपने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

फिलहाल हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी दावेदारी पर कोई स्पष्ट दावा करने के बजाय चुनावी जीत को प्राथमिकता दी है। उन्होंने गेंद पार्टी नेतृत्व के पाले में छोड़ते हुए साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री पद का अंतिम निर्णय चुनाव के बाद ही लिया जाएगा।