
उत्तराखंड स्थित विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर मंदिर के कपाट बंद हुए। इसके साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए रवाना हो गई।
कपाट बंद होने के अवसर पर हजारों श्रद्धालु गंगोत्री धाम में मौजूद रहे। मां गंगा की डोली को विदाई देने के लिए श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और भावुक माहौल में मां गंगा को विदा किया। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु मुखबा गांव स्थित मुखीमठ में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।
मंगलवार सुबह से ही गंगोत्री धाम में कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हो गई थी। तीर्थ पुरोहितों ने गंगा घाट पर मां गंगा का अभिषेक और आरती की। इसके बाद मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। निर्धारित मुहूर्त पर कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की भोग मूर्ति को उत्सव डोली में विराजमान कर मुखबा के लिए प्रस्थान कराया गया। डोली यात्रा के दौरान सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर शीतकाल में भी गंगोत्री धाम में साधनारत रहने वाले साधु-संतों के साथ मंदिर, आश्रम और होटलों की देखरेख करने वाले कर्मचारियों ने भी मां गंगा को भावभीनी विदाई दी।
गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल ने बताया कि मां गंगा की उत्सव डोली रात्रि विश्राम के लिए मार्कंडेयपुरी देवी मंदिर में ठहरेगी। यहां रातभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। बुधवार को डोली मुखबा गांव पहुंचेगी, जहां अगले छह माह तक मां गंगा की नियमित पूजा-अर्चना होगी और श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए।









