लोअर पीसीएस-2024: 27 जुलाई से इंटरव्यू शुरू, यूकेपीएससी ने जारी किया पूरा शेड्यूल

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने लोअर पीसीएस-2024 भर्ती के साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले चरण के इंटरव्यू 27 जुलाई से शुरू होकर 3 सितंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। इस चरण में 328 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है, जबकि शेष अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद उनके इंटरव्यू की तिथि घोषित की जाएगी।

आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि लोअर पीसीएस-2024 की मुख्य परीक्षा 13 और 14 सितंबर 2025 को आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 27 मार्च 2026 को घोषित किया गया, जिसमें 406 अभ्यर्थी सफल हुए। इन अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन 18 से 21 मई के बीच कराया गया। सत्यापन के बाद 328 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अर्ह पाया गया है।

आयोग ने अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय सभी मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकतालिकाएं, आरक्षण एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक पहचान पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने के निर्देश दिए हैं। जिन अभ्यर्थियों के नाम या पारिवारिक विवरण विभिन्न प्रमाणपत्रों में अलग-अलग दर्ज हैं, उन्हें स्वघोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। पर्वतीय क्षेत्र, पूर्व सैनिक या सरकारी सेवा से जुड़े अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र भी साथ लाने होंगे।

साक्षात्कार से पहले सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 80 रुपये तथा एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 30 रुपये शुल्क आयोग कार्यालय में जमा कराना होगा।