उत्तराखंड कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम में नई नियुक्तियां, रोहित भट्ट समेत इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग की नई टीम को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अभिनव थापर को प्रदेश अध्यक्ष, भरत शर्मा और हर्षित सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष तथा रोहित भट्ट, मधुसूदन सुंदरियाल, दिनेश चंद्र टम्टा और जसवीर कौर को प्रदेश समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) की जिम्मेदारी दी गई है।

नई नियुक्तियों में रोहित भट्ट को मिली जिम्मेदारी को संगठन में उनकी लंबे समय से सक्रियता और सोशल मीडिया व मीडिया क्षेत्र के अनुभव के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मोटाहल्दू निवासी रोहित भट्ट लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हैं और पूर्व नेता प्रतिपक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश के साथ भी संगठन में सक्रिय रूप से कार्य कर चुके हैं।

वर्तमान में भट्ट हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) हैं। इसके अलावा वह जिला नैनीताल कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इससे पहले वह कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश सचिव और अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी रह चुके हैं। वहीं, इंटक की युवा इकाई में राष्ट्रीय सचिव (मीडिया) के रूप में भी उन्होंने संगठनात्मक और मीडिया संबंधी दायित्व निभाया है।

कांग्रेस संगठन में लंबे समय से सक्रिय रोहित भट्ट ने सोशल मीडिया, डिजिटल कम्युनिकेशन, मीडिया समन्वय और पार्टी कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में काम किया है। पार्टी की नई सोशल मीडिया टीम से प्रदेश में डिजिटल अभियान को मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों व जनहित के मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की उम्मीद जताई जा रही है।

नियुक्ति पर रोहित भट्ट ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को डिजिटल माध्यम से जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता से काम करेंगे।

रोहित भट्ट की नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सक्रियता से उत्तराखंड कांग्रेस का सोशल मीडिया संगठन और अधिक प्रभावी एवं मजबूत होगा।