पीएसी के जवान की करंट लगने से मौत, बिजली के पोल से गिरकर गई जान

उत्तराखंड ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में 31वीं वाहिनी पीएसी के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना बगवाड़ा क्षेत्र की ग्रीन व्यू कॉलोनी की है, जहां जवान धर्मेंद्र सिंह रावत (36) की करंट लगने के बाद पोल से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं पीएसी वाहिनी में भी शोक की लहर है।

जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात थे और ग्रीन व्यू कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी खत्म करने के बाद वह घर पहुंचे थे। इसी दौरान घर की बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी आ गई। समस्या ठीक करने के प्रयास में वह बिजली के पोल पर चढ़ गए, तभी अचानक करंट लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए।

पोल से गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद परिजन और आसपास के लोग उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

धर्मेंद्र सिंह रावत की असामयिक मौत से उनके परिवार में शोक का माहौल है। वहीं 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों और जवानों ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। साथी जवानों के अनुसार, धर्मेंद्र सिंह रावत मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे।