
हल्द्वानी में चोरों ने मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए सिलसिलेवार चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार देर रात तीन नकाबपोश बदमाश मेडिकल कॉलेज कैंपस में घुसे और एक ही बिल्डिंग में कई डॉक्टरों के बंद फ्लैटों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई की रात करीब दो बजे तीनों चोर दबे पांव बिल्डिंग में पहुंचे और पहले बंद पड़े फ्लैटों की रेकी की। इसके बाद उन्होंने सामने वाले फ्लैट का कुंडा बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर उनका विरोध न कर सके। फिर दूसरे फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वहां से जेवरात, नकदी समेत कीमती सामान समेट लिया। बताया जा रहा है कि चोर चोरी का सामान डॉक्टर की पत्नी के पर्स में भरकर अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित डॉक्टरों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना ने मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गेटेड कैंपस और परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद चोरों का आसानी से अंदर घुसना, कई फ्लैटों में चोरी करना और बेखौफ फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।






