
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। रायपुर के रक्षा विहार में दोस्त के कार्यालय में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद दोस्त ही घायल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात रायपुर निवासी इफ़्तकार अपने कुछ दोस्तों के साथ रक्षा विहार स्थित अनस के कार्यालय में मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर इफ़्तकार घायल हो गया। इसके बाद उसके साथ मौजूद दोस्त उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने दोस्तों पर इफ़्तकार की हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई का आरोप है कि विवाद के दौरान उसके भाई पर धारदार हथियार से हमला किया गया। परिजनों ने घटनास्थल से साक्ष्य मिटाने का भी आरोप लगाया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार्यालय में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।






