
हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे के टांडा जंगल क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए सड़क हादसे में दिल्ली से घर लौट रहे 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 3:45 बजे पुलिस को जानकारी मिली कि रेंज कार्यालय से लगभग डेढ़ किलोमीटर पीछे सड़क किनारे एक बाइक सवार घायल पड़ा है। मौके पर पहुंची संजय वन चौकी पुलिस टीम ने देखा कि युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था और उसकी केटीएम बाइक क्षतिग्रस्त थी।
पुलिस ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कुंदन सिंह सम्मल (24) पुत्र खुशाल सिंह सम्मल, निवासी ग्राम रौसिला, काठगोदाम, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से दिल्ली में एक होटल में कार्यरत थे और छुट्टियों में अपने घर लौट रहे थे। परिवार में वह सबसे बड़े बेटे थे और घर की जिम्मेदारियों में सहयोग करते थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक दिल्ली से बाइक पर घर लौट रहा था, तभी टांडा जंगल क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी हालत नाजुक हो गई।
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।







