शहीदों की कुर्बानी को CM धामी ने किया याद, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने का लिया संकल्प

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को शहीद स्थल, कचहरी परिसर में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए राज्य आंदोलनकारियों ने संघर्ष, त्याग और बलिदान किया। उनके बलिदान के कारण ही अलग उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हो सका। राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के योगदान को हमेशा स्मरण किया जाएगा।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों और शहीद आंदोलनकारियों के परिजनों के सम्मान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों ने जिस समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।