करवा चौथ आज: उत्तराखंड में रात 7:57 से 8:03 बजे तक होंगे चंद्र दर्शन

पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ सुहागिन महिलाएं गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद महिलाओं को रात में चंद्रोदय का इंतजार रहेगा। चंद्रमा के दर्शन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद महिलाएं पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगी।

उत्तराखंड के अलग-अलग शहरों में चंद्रोदय के समय में कुछ मिनटों का अंतर रहेगा। अनुमानित समय के अनुसार, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में रात 7:57 बजे चांद दिखाई देगा। नैनीताल में रात 7:59 बजे और टिहरी में रात 8 बजे चंद्रोदय होने की संभावना है। वहीं, देहरादून, रुड़की और ऋषिकेश में रात 8:02 बजे तथा हरिद्वार में रात 8:03 बजे चंद्रमा के दर्शन होने का अनुमान है।

करवा चौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। व्रत के दौरान महिलाएं दिनभर उपवास रखकर शाम को करवा माता की पूजा करेंगी और कथा सुनेंगी। इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन में खुशहाली की कामना करेंगी। हालांकि, मौसम और स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के कारण चांद दिखाई देने के समय में थोड़ा अंतर हो सकता है।