देवभूमि में फिर बदला मौसम का मिजाजः केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री में बर्फबारी से लुढ़का पारा

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं, राज्य के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे, जबकि ऋषिकेश, पौड़ी, श्रीनगर और कोटद्वार में बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में गुरुवार सुबह से मौसम बिगड़ने के बाद बर्फबारी शुरू हो गई। धाम की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे यहां का नजारा बेहद आकर्षक हो गया है। तीन दिन पहले भी केदारनाथ में बर्फबारी हुई थी। दोबारा बर्फ गिरने से धाम में ठंड बढ़ गई है। बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु बर्फबारी से उत्साहित हैं, लेकिन उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना भी करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था की गई है।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील की है। यात्रियों को गर्म कपड़े, जैकेट, दस्ताने, टोपी और जरूरी दवाइयां साथ रखने की सलाह दी गई है, ताकि ठंड के कारण किसी तरह की परेशानी न हो। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की स्थिति और संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी लेने की अपील की है। प्रशासन ने बदलते मौसम के बीच श्रद्धालुओं से अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा है।