
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में पति-पत्नी और प्रेम संबंध से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। प्रेमी के अपनी पहली पत्नी और बच्चों के पास लौटने से नाराज महिला ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एसडीएम कोर्ट में जमकर हंगामा किया। इस दौरान महिला ने आत्महत्या करने की धमकी भी दी, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया, जबकि युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला का पहले से एक बच्चा है, जबकि युवक के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों अपने-अपने जीवनसाथी को छोड़कर साथ रहने लगे थे और गुरुग्राम में रह रहे थे। कुछ दिन पहले युवक अल्मोड़ा के लमगड़ा क्षेत्र स्थित अपने गांव लौट आया और पहली पत्नी व बच्चों के साथ रहने लगा। युवक के इस फैसले से नाराज महिला ने मंगलवार सुबह एसएसबी कार्यालय के पास एक पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या करने की चेतावनी दी।
महिला के पेड़ पर चढ़ने की सूचना मिलने पर पुलिस की महिला टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद दोनों की काउंसलिंग भी की गई, ताकि मामले को शांत कराया जा सके। हालांकि, कुछ समय बाद महिला फिर कलेक्ट्रेट पहुंच गई और एसडीएम कोर्ट में हंगामा करते हुए आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। प्रभारी महिला थाना जानकी भंडारी ने बताया कि महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। वहीं, युवक को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया है।








