
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को भराड़ीसैंण में चमोली जनपद के विकास को नई गति देते हुए 231.91 करोड़ रुपये की 12 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास तथा 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से पेयजल आपूर्ति, सड़क कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से बचाव और पुलिस व अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
कार्यक्रम में सबसे प्रमुख योजना गैरसैंण शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से बांध निर्माण की रही। इस परियोजना से क्षेत्र की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा के कार्यों का शिलान्यास किया गया। यह परियोजना प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी उपायों को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी नई योजनाओं की शुरुआत की गई। राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण पर 12.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण के भवन अनुरक्षण कार्य के लिए 22.75 लाख रुपये स्वीकृत लागत से काम किया जाएगा।
ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए दो सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। इनमें 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से फरखण्डे मोटर मार्ग तथा 5.60 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पूरी हो चुकी छह परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण प्रमुख है। इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण किया गया। इससे विद्यालय में शैक्षणिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
सड़क सुधार के तहत 4.03 करोड़ रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य पूरा किया गया है। वहीं, 2.17 करोड़ रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण और नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
गैरसैंण में कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन तथा 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का लोकार्पण किया गया। इन भवनों से पुलिस और अग्निशमन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इन योजनाओं के जरिए गैरसैंण और चमोली जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दिया गया है। पेयजल और भू-धंसाव से सुरक्षा जैसी आवश्यकताओं के साथ सड़क, शिक्षा और सुरक्षा संबंधी परियोजनाओं को भी इसमें शामिल किया गया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।








