
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में कांवड़ मेले के दौरान अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार रात राजीव नगर में आबकारी विभाग की टीम ने एक डेयरी संचालक के घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में देशी-अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। आरोप है कि दूध की डेयरी की आड़ में अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा था।
आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर राजीव नगर स्थित शंकर डेयरी संचालक के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान टीम को 138 टेट्रा पैक माल्टा ब्रांड देशी शराब, 149 पव्वे अंग्रेजी शराब और 42 कैन बीयर मिलीं। विभाग ने शराब की पूरी खेप जब्त कर ली।
बताया गया कि बरामद अंग्रेजी शराब में अलग-अलग इंटरनेशनल ब्रांड की शराब भी शामिल थी। छापेमारी के दौरान घर में रखे फ्रिज की तलाशी लेने पर उसमें बीयर की कैन भी मिलीं। आशंका है कि बीयर को ठंडा कर ग्राहकों को बेचने के लिए रखा गया था।
आबकारी विभाग के अनुसार, शंकर डेयरी पर इससे पहले भी अवैध शराब को लेकर कार्रवाई की जा चुकी है। पूर्व में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में शराब बरामद होने के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बावजूद कथित तौर पर शराब की बिक्री जारी रहने की शिकायतें मिल रही थीं।
कांवड़ मेले को देखते हुए विभाग को डेयरी संचालक के घर में शराब का स्टॉक जमा किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रात में दबिश देकर शराब की खेप बरामद की।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद बिंजोला ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान अवैध शराब की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद शराब कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।







