हल्द्वानी में सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

हल्द्वानी में सनसनीखेज घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह  मुखानी कोतवाली क्षेत्र में कमलुवागांजा स्थित एक होटल के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। सुबह के समय शव मिलने की सूचना से आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:47 बजे डायल-112 के जरिए सूचना मिली थी कि सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक मृत मिला। घटनास्थल पर उसकी चप्पलें भी इधर-उधर पड़ी थीं। हालांकि, शुरुआती जांच में उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं।

मृतक की पहचान इंदिरापुरम कॉलोनी, हरीपुर नायक निवासी दीपक भट्ट (41) पुत्र उर्वादत्त भट्ट के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दीपक को शराब पीने की आदत थी और उसका इलाज भी चल रहा था। चिकित्सकों ने उसे शराब का सेवन न करने की सलाह दी थी।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि दीपक गुरुवार रात करीब नौ बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह सड़क किनारे उसका शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फिलहाल युवक की मौत को लेकर हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।