
उत्तराखंड के लिए दुखद खबर सामने आई है। देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतकों में तीन महीने की मासूम बच्ची भी शामिल है। हादसे में जान गंवाने वालों में सेना के जवान, उनकी पत्नी और बेटी के अलावा एक अन्य परिवार के सदस्य शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार सात लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक उत्तराखंड के रहने वाले थे और गुजरात घूमने आए थे।
मृतकों की पहचान गढ़वाल रेजिमेंट में तैनात जवान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इसके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाई (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी हादसे में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सेना के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भुज के जीके जनरल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एक ही परिवार के सात लोगों की मौत की खबर से उत्तराखंड में शोक की लहर है।









