
उत्तराखंड के खटीमा स्थित सुरई वन क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। जंगल में गश्त कर रहे वन कर्मियों को युवक का शव मिला। घटनास्थल के आसपास बाघ के पगचिह्न मिलने से वन विभाग को आशंका है कि युवक पर बाघ ने हमला किया होगा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम सुबह सुरई वन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बीट संख्या-5 के पास कर्मचारियों को खून के निशान और एक जोड़ी चप्पल दिखाई दी। तलाशी के दौरान मौके से 90 नेपाली रुपये भी मिले। वन कर्मियों ने खून के निशानों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर काले रंग का पायजामा मिला। इसके बाद टीम ने आसपास के जंगल में सघन तलाश अभियान चलाया। इस दौरान कंपार्टमेंट संख्या-47 में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
शव के आसपास बाघ के पगचिह्न मिलने से माना जा रहा है कि जंगली जानवर ने युवक पर हमला कर उसे जंगल के भीतर घसीटा होगा। सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। उप प्रभागीय वनाधिकारी संचिता वर्मा ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और प्रथम दृष्टया मामला जंगली जानवर के हमले का प्रतीत हो रहा है।
उधर, वन विभाग ने जंगल में गश्त बढ़ाने के साथ आसपास के इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को वन क्षेत्र में नहीं जाने की चेतावनी दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर खटीमा उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस और वन विभाग की टीमें मृतक की शिनाख्त करने के साथ घटना की जांच में जुटी हैं।









