
उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा सामने आया है। पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर बैंग्वाड़ी गांव के समीप पिकअप वाहन और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना आपातकालीन सेवा को दी, जिसके बाद घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अनुपम नेगी (25), पुत्र स्व. अर्जुन सिंह नेगी, हाल निवासी सर्किट हाउस पौड़ी और मूल निवासी ग्राम बैंग्वाड़ी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिला अस्पताल पौड़ी के पीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल ने युवक की मौत की पुष्टि की है।









