उत्तराखंडः सड़क किनारे मिला नवजात, मची सनसनी

उत्तराखंड के हरिद्वार में सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिडकुल क्षेत्र के ब्रह्मपुरी में सड़क किनारे नवजात शिशु मिलने से इलाके में खलबली मच गई। नवजात को देखते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। एक स्थानीय महिला ने मानवता का परिचय देते हुए बच्चे को गोद में उठाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अपने संरक्षण में लेकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम को भी मामले की जानकारी दी, जिसके बाद नवजात को संबंधित टीम के सुपुर्द कर दिया गया।

सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि नवजात पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्चे को सड़क किनारे छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।