जंगली हाथी के हमले में जंगल में घास लेने गये वन गुर्जर की मौत

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के श्यामपुर रेंज के कांसवाली बीट क्षेत्र में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक वन गुर्जर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुर्जर बस्ती निवासी अहसान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, अहसान गुरुवार सुबह घास लेने के लिए आरक्षित वन क्षेत्र में गया था। इसी दौरान उसका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उस पर हमला कर दिया और कई बार पटक दिया। गंभीर चोटों के कारण अहसान की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। श्यामपुर थाना पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध भी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी के साक्ष्य मिले हैं। वन विभाग ने एहतियातन घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अहसान उस समय जंगल में अकेला था और इसी दौरान उसका हाथी से आमना-सामना हो गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वन विभाग की टीम मामले की जांच के साथ क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है।