मदरसों पर बयान पड़ा भारी! बारावफात की सभा में भाषण देने वाले मुफ्ती मुजीब गिरफ्तार

उत्तराखंड के रुद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर मदरसों को बंद करने को लेकर कथित तौर पर भड़काऊ भाषण देने वाले मुफ्ती मुजीब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को रुद्रपुर में बारावफात के जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर सभा का आयोजन हुआ था। इसके बाद गुरुवार को सभा में दिए गए भाषण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ।

वायरल वीडियो में रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब मदरसों को लेकर बयान देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मदरसों के संबंध में जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि मदरसों में लोगों को शिक्षा दी जाती है और किसी पर जुल्म, ज्यादती या चोरी न करने की सीख दी जाती है।

वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को बंद किए जाने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग भी उठाई।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भाषण की पूरी परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।